मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में निकाली जा रही सत्य सनातन धर्म यात्रा तय शेड्यूल के अनुसार आगे बढ़ रही है। यह यात्रा आगामी 1 नवंबर को गुना जिले की चांचौड़ा विधानसभा क्षेत्र की सीमा में प्रवेश करेगी।

दशहरा के दिन उज्जैन से होगी शुरुआत

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह यात्रा 20 अक्टूबर को विजयदशमी यानी दशहरा पर्व के पावन अवसर पर धार्मिक नगरी उज्जैन से आरंभ होगी। इसके बाद विभिन्न जिलों और क्षेत्रों से होते हुए यह गुना जिले के चांचौड़ा विधानसभा क्षेत्र में दाखिल होगी, जिसे लेकर समर्थकों और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

चांचौड़ा में ऐसा रहेगा रूट और विश्राम का कार्यक्रम

तय कार्यक्रम के अनुसार, 1 नवंबर को यह यात्रा चांचौड़ा विधानसभा क्षेत्र के मनोरखेड़ी-मुरैला गांव पहुंचेगी। स्थानीय निवासियों और रामभक्तों द्वारा यहां यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया जाएगा। इसके बाद यात्रा नयापुरा के रास्ते गौशाला पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम का प्रबंध किया गया है।

यात्रा के अगले चरण में 2 नवंबर को यह दल कालापीपल, नेसकला, कुड़ालिया और अमासेर से होते हुए गुंजारी के लिए प्रस्थान करेगा। यहां स्थित प्रसिद्ध दुदला गणेश मंदिर में दर्शन और पूजन के पश्चात यात्रा चांचौड़ा की ऐतिहासिक चंपावती नगरी में प्रवेश करेगी।

ग्रामीणों से सहभागिता की अपील

यात्रा के स्वागत और व्यवस्थाओं को पुख्ता करने के वास्ते आयोजन समिति के कार्यकर्ताओं ने गांवों में घर-घर जाकर संपर्क किया है और स्थानीय लोगों के साथ बैठकें की हैं। समिति ने क्षेत्र के तमाम नागरिकों से इस यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया है।