दतिया जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा और परिवहन नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस ने बुधवार को एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान आरएएस-जेबी स्कूल के बच्चों को ले जा रहे वाहनों की सघन जांच की गई, जिसमें कई गंभीर खामियां सामने आईं।

शराब के नशे में मिला चालक

जांच प्रक्रिया के दौरान एक स्कूल वाहन (नंबर MP32ZC7555) का चालक शराब के नशे में धुत पाया गया, जो मासूम बच्चों की जान को जोखिम में डालकर वाहन चला रहा था। पुलिस ने इस लापरवाही पर तुरंत संज्ञान लिया और वाहन को अपने कब्जे में ले लिया।

ओवरलोडिंग और दस्तावेजों की कमी

अभियान के दौरान अन्य वाहनों की भी बारिकी से पड़ताल की गई। इसमें एक ऑटो (नंबर MP32ZD5220) में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को ठूंस-ठूंसकर बैठाया गया था। इसके अलावा एक अन्य वाहन (नंबर MP32R1682) के पास चेकिंग के दौरान आवश्यक कानूनी दस्तावेज भी मौजूद नहीं मिले।

नियमों की अनदेखी करने वाले कुल चार वाहनों पर यातायात पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए उन्हें जब्त किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि बच्चों के जीवन के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

मामले को लेकर यातायात प्रभारी हिमांशु भार्गव ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में स्कूली वाहनों की लगातार चेकिंग की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों को स्कूल लाने और ले जाने के दौरान यदि किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी और यह अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा।