दतिया में प्रभारी सहायक यंत्री भूपेंद्र कुमार राजपूत के साथ 15 सितंबर को हुई लूट और हत्या के प्रयास की घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर आक्रोश बना हुआ है। इसी गंभीर मामले में न्याय और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित कराने के लिए पिछोर विधायक प्रीतम लोधी गुरुवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों और समाज के लोगों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे।

एसपी को सौंपा गया ज्ञापन

विधायक और प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल से मुलाकात कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि इस वारदात में नामजद आरोपियों को जिले में चल रहे सभी प्रकार के शासकीय निर्माण कार्यों से तुरंत हटाया जाए और उन्हें ठेकेदारी से ब्लैकलिस्ट किया जाए।

शासकीय निर्माण कार्यों से जुड़े हैं नाम

ओबीसी महासभा की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में पांच व्यक्तियों के नाम शामिल होने का दावा किया गया है। इनमें गौरव धाकड़, भूपेंद्र धाकड़, लक्ष्मण धाकड़, पदम सिंह धाकड़ और अरविंद धाकड़ के नाम बताए गए हैं। संगठन का कहना है कि ये लोग जिले के कई महत्वपूर्ण सरकारी निर्माण कार्यों से जुड़े हुए हैं।

इनमें शासकीय हाईस्कूल तगा, शासकीय हाईस्कूल सरसई, जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय और इंदरगढ़ थाने से संबंधित निर्माण कार्य शामिल हैं। प्रतिनिधियों ने मांग की है कि इन सभी फर्मों और ठेकेदारों के कार्य तुरंत निरस्त किए जाएं ताकि निष्पक्षता बनी रहे।

उपयंत्री पर भी कार्रवाई की मांग

इस प्रतिनिधिमंडल ने धारा सिंह धाकड़ के खिलाफ भी अनुशासनात्मक कदम उठाने की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया है कि वे मध्यप्रदेश पुलिस आवास ग्वालियर क्रमांक-1 में उपयंत्री के पद पर हैं और उन्हें सेवा से पृथक किया जाना चाहिए।

इसके अलावा, ओबीसी महासभा के प्रदेश प्रभारी जितेंद्र लोधी के माध्यम से कलेक्टर के नाम भी एक ज्ञापन प्रेषित किया गया, जिसमें पूरे प्रकरण की गहराई से जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाने की बात कही गई है।