दतिया जिला मुख्यालय पर कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों फरियादियों ने अपनी समस्याएं प्रशासनिक अधिकारियों के सामने रखीं। कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ने एक-एक कर सभी की बात सुनी और संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

वेतन भुगतान न होने और अभद्रता का आरोप

जनसुनवाई में रामसागर निवासी ग्या आदिवासी ने अपने पति रवि आदिवासी का पांच महीने से वेतन नहीं मिलने का मामला उठाया। उन्होंने सेवढ़ा के एसडीएम और तहसीलदार पर प्रताड़ना और अभद्र व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगाया। पीड़िता ने बकाया वेतन दिलाने और मामले में उचित कार्रवाई की मांग की, जिस पर उचित कदम उठाने का भरोसा दिया गया।

मंदिर में पुजारी नियुक्ति और जमीन विवाद के मामले

कमरारी गांव के प्रमोद कुमार पटेरिया ने मंदिर में पुजारी की नियुक्ति से जुड़ी फाइल चार साल से लंबित होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि 18 अक्टूबर 2022 को आवेदन देने के बाद भी अब तक कोई निर्णय नहीं हुआ है। वहीं, ग्राम ढांकरी की महिलाओं ने बब्लू श्रीवास्तव और उनके परिजनों पर जबरन जमीन पर खाई खोदने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया।

इसी तरह ग्राम उदगुंवा के गौरीशंकर ने कृषि भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि सीमांकन होने के बावजूद उनकी जमीन पर कब्जा किया जा रहा है और विरोध करने पर धमकाया जा रहा है। इसके अलावा ग्राम दोहर के किसान हरप्रसाद कुशवाह ने पिछले दो साल से ऑनलाइन नक्शे में सुधार का मामला एसडीएम सेवढ़ा के यहां लंबित होने की बात कही।

इलाज के लिए बीपीएल कार्ड और फर्जी रजिस्ट्री की शिकायत

भागौर गांव की बुजुर्ग महिला कमला यादव अपनी आंखों के इलाज के लिए गुहार लेकर पहुंचीं। उन्होंने आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए बीपीएल राशन कार्ड बनवाने का आग्रह किया ताकि आयुष्मान योजना के जरिए लगभग 50 हजार रुपए के अनुमानित खर्च वाले नेत्र उपचार में मदद मिल सके।

ग्राम बिलासपुर निवासी होतम बघेल ने वन विभाग की भूमि की कथित तौर पर फर्जी रजिस्ट्री और नामांतरण कराने का सनसनीखेज मामला उठाया। उन्होंने पटवारी और आरआई समेत कई लोगों की संलिप्तता का आरोप लगाते हुए उच्च स्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग की। कलेक्टर ने सभी मामलों में नियमानुसार जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।