झड़िया गांव के जंगल में चल रहा था जुआ

जिले में अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार सख्त कदम उठा रहा है। इसी क्रम में दतिया की सिविल लाइन थाना पुलिस को स्थानीय स्तर पर एक बड़ी सूचना मिली थी।

मुखबिर से मिली सटीक जानकारी के आधार पर पुलिस दल ने ग्राम झड़िया के पास स्थित नर्सरी के समीप कंजर की पटिया के जंगल में औचक दबिश दी।

नकद रकम और ताश पत्ते बरामद

पुलिस की इस अचानक कार्रवाई से मौके पर भगदड़ मच गई। घेराबंदी कर पुलिस ने मौके से कुल आठ लोगों को दबोच लिया, जबकि एक आरोपी लल्लू कुशवाह मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 46,300 रुपये नकद और ताश की गड्डी बरामद की। पकड़े गए सभी लोगों के खिलाफ जुआ एक्ट और अन्य संगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

शहर के मुख्य मार्ग पर निकाला जुलूस

पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल के निर्देशों के तहत मंगलवार शाम को सिविल लाइन पुलिस ने इन सभी गिरफ्तार जुआरियों का बम बम महादेव चौराहा क्षेत्र में जुलूस निकाला।

जुलूस के दौरान पुलिस ने आरोपियों से 'जुआ-सट्टा खेलना पाप है, पुलिस हमारी बाप है' के नारे भी लगवाए, ताकि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों में संलिप्त अन्य लोगों में भी कानून का डर बना रहे।