जनविश्वास अभियान के अंतर्गत प्रशासनिक अमले ने शुक्रवार को भांडेर क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े और पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल ने संयुक्त रूप से सांदीपनि विद्यालय, मेला ग्राउंड और उप स्वास्थ्य केंद्र समेत कई सरकारी परिसरों का निरीक्षण किया।
एक महीने में शुरू होगा सांदीपनि विद्यालय
दौरे की शुरुआत सांदीपनि विद्यालय के निरीक्षण से हुई। कलेक्टर ने भवन का मुआयना करने के बाद प्राचार्य को निर्देश दिए कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाएं ताकि जल्द से जल्द कक्षाएं शुरू हो सकें। प्रशासन का प्रयास है कि अगले एक महीने के भीतर विद्यालय का संचालन शुरू कर दिया जाए।
इस नए और आधुनिक सुविधाओं से लैस भवन के शुरू होने से इलाके के करीब 1200 से 1500 विद्यार्थियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही, विद्यालय के पीछे कब्रिस्तान की जमीन के विवाद को स्पष्ट करते हुए प्रशासन ने साफ किया कि किसी भी बाउंड्री वॉल को नहीं गिराया जाएगा और आवश्यकतानुसार पांच से सात फीट का रास्ता निकाला जाएगा।
मेला ग्राउंड से हटेगा अवैध कब्जा
इसके बाद अधिकारियों ने मेला ग्राउंड पहुंचकर वहां की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जों को देखते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि तय किए गए स्थान पर लोगों का पुनर्वास कर ग्राउंड को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि एक महीने के भीतर स्वयं कब्जा नहीं हटाया गया, तो सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य सेवाओं और सफाई कर्मचारियों के मुद्दों पर चर्चा
उप स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान एसएनसी वार्ड को शीघ्र प्रारंभ करने और गर्भवती महिलाओं के लिए वेटिंग रूम में आरक्षित पलंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने बताया कि पिछली बार मिली कमियों में से अधिकांश को दूर कर लिया गया है।
दूसरी ओर, जनपद पंचायत कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने ठेकेदार द्वारा वेतन कटौती, एनपीएस राशि जमा न होने और सातवें वेतनमान की किस्त न मिलने जैसी शिकायतें दर्ज कराईं।
कलेक्टर ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि एनपीएस संबंधी तकनीकी मामलों का 15 से 20 दिनों में समाधान कर लिया जाएगा और संबंधित ठेकेदार को पहले ही ब्लैकलिस्ट किया जा चुका है। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए उन्होंने सभी कर्मचारियों से अपनी हड़ताल खत्म कर काम पर लौटने की अपील की।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!