दतिया जिले के लांच थाना क्षेत्र के अंतर्गत अवैध जुए के संचालन और उसकी पैरवी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस प्रकरण में पुलिस विभाग के भीतर बड़ी कार्रवाई करते हुए एसपी मयूर खंडेलवाल ने लांच थाना प्रभारी शाकिर खान को लाइन अटैच कर दिया है।
बस्तूरी गांव में हुई थी जुआरियों पर कार्रवाई
यह पूरा घटनाक्रम 9 और 10 सितंबर की दरमियानी रात का है, जब पुलिस ने बस्तूरी गांव में चल रहे जुआ फड़ पर दबिश दी थी। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पूर्व मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह चौहान सहित कुल 10 जुआरियों को मौके से दबोचा था।
कार्रवाई के तुरंत बाद पकड़े गए आरोपियों को छुड़ाने और मामले को दबाने के प्रयास शुरू हो गए थे। इसी सिलसिले में लांच थाना प्रभारी शाकिर खान का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
वायरल ऑडियो में सामने आई संरक्षण की बात
सामने आए ऑडियो में थाना प्रभारी कथित तौर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष के भाई बंटी चौहान और जुआ संचालकों की पैरवी करते हुए सुनाई दे रहे हैं। इस ऑडियो के सार्वजनिक होने के बाद स्थानीय स्तर पर पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए थे।
जनप्रतिनिधियों ने भी इस मामले को पूरी गंभीरता से उठाया। सेवढ़ा विधायक प्रदीप अग्रवाल और भिंड-दतिया सांसद संध्या राय ने पुलिस अधीक्षक से इस पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की थी, जिसके बाद एसपी ने एएसपी मनजीत सिंह चावला को जांच सौंपी थी।
एसडीओपी बड़ौनी को सौंपी गई है जांच
जांच के दौरान जुआ कारोबार से जुड़े थाना प्रभारी के कई ऑडियो भी पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक पहुंचे। ऑडियो की सत्यता और उसमें की गई बातचीत के आधार पर एसपी ने थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि इस मामले की विस्तृत जांच अब बड़ौनी एसडीओपी को दे दी गई है। जांच रिपोर्ट में सामने आने वाले तथ्यों और सबूतों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!