दतिया में स्कूल वाहनों की सुरक्षा को लेकर विशेष चेकिंग अभियान शुरू
दतिया में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यातायात थाना पुलिस ने बुधवार को एक विशेष अभियान की शुरुआत की है। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य उन निजी वाहनों पर लगाम कसना है जो नियमों को ताक पर रखकर नौनिहालों की जिंदगी खतरे में डालते हैं।
ग्वालियर-झांसी हाईवे पर पकड़ा गया लापरवाही से भरा ऑटो
अभियान के पहले दिन ग्वालियर-झांसी हाईवे पर यातायात अमले ने सघन चेकिंग की। इस दौरान एक निजी स्कूल के बच्चों को ले जा रहे ऑटो नंबर एमपी 32 जेड सी 7555 को रोका गया। जांच करने पर सामने आया कि वाहन में निर्धारित क्षमता से काफी अधिक बच्चों को बैठाया गया था।
यातायात थाना प्रभारी हिमांशु तिवारी ने इस पूरी कार्रवाई की जानकारी दी। सूबेदार नईम खान ने जब इस ऑटो की बारीकी से जांच की, तो सुरक्षा के लिहाज से गंभीर खामियां मिलीं। बच्चों की सुरक्षा के लिए वाहन के दोनों तरफ जाली तक नहीं लगाई गई थी।
शराब के नशे में मिला चालक, अन्य वाहनों पर भी हुई कार्रवाई
जांच के दौरान स्थिति तब और गंभीर हो गई जब ऑटो ड्राइवर शकील खान, जो रेलवे स्टेशन का रहने वाला है, शराब के नशे में धुत पाया गया। पुलिस ने तत्काल प्रभाव से इस ऑटो को जब्त कर लिया।
इसके अलावा चेकिंग के दौरान अन्य दो ऑटो (क्रमांक एमपी 32 जेड डी 5220 और एमपी 32 आर 1682) को भी रोका गया। दस्तावेजों की मांग करने पर इनके चालक कागजात पेश नहीं कर सके। पुलिस ने इन दोनों वाहनों को भी जब्त करते हुए कुल मिलाकर तीनों वाहनों पर चालानी कार्रवाई की है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!