कंधारी गांव के पास हुआ भीषण सड़क हादसा

दतिया जिले के बसई थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ौरा-पिछोर मार्ग पर स्थित कंधारी गांव के समीप शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना सामने आई। यहां सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिस पर पिता और पुत्र सवार थे।

इस भयानक टक्कर की वजह से बाइक पर सवार 25 वर्षीय युवक छोटू विश्वकर्मा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक का एक पैर घुटने के पास से कटकर दूर जा गिरा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

झांसी ले जाते समय पिता ने भी तोड़ा दम

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार शाम लगभग साढ़े छह बजे हनुमान मंदिर के पास घटी। छोटू विश्वकर्मा अपने पिता सूरज विश्वकर्मा को मोटरसाइकिल पर बैठाकर नयाखेड़ा से अपने गांव की तरफ आ रहे थे। तभी यूपी नंबर की एक अनियंत्रित पिकअप के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी।

हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए पिता सूरज विश्वकर्मा का दाहिना पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था और उनके सिर में भी गंभीर चोटें आई थीं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत 112 वाहन के जरिए बसई अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक सहायता के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें झांसी रेफर कर दिया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी भी मृत्यु हो गई।

फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी पुलिस

घटना को अंजाम देने के बाद पिकअप चालक मौके से वाहन समेत भाग निकला। हालांकि, दुर्घटनास्थल पर मौजूद छोटू के चचेरे भाई सुनील विश्वकर्मा और बंटी लोधी ने बहादुरी दिखाते हुए बाइक से कुछ दूर तक पिकअप का पीछा किया और उसका नंबर (UP94 AT 4505) दर्ज कर लिया।

बसई थाना प्रभारी विवेक राय ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। फरार पिकअप चालक के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।