दतिया जिले में इस बार स्वतंत्रता दिवस का मुख्य जिला स्तरीय समारोह पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में धूमधाम से मनाया जाएगा। इस आयोजन में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह मुख्य अतिथि होंगे।

समारोह का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्य अतिथि द्वारा सुबह 9 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके तुरंत बाद 9.05 बजे परेड का निरीक्षण होगा। सुबह 9.25 बजे से 9.55 बजे तक मुख्यमंत्री के संदेश का सजीव प्रसारण किया जाएगा, जिसके उपरांत मुख्य अतिथि द्वारा स्वतंत्रता दिवस का बधाई संदेश वाचन किया जाएगा। सुबह 10 बजे आकर्षक मार्चपास्ट के साथ आसमान में गुब्बारे छोड़े जाएंगे।

वीर सपूतों और उत्कृष्ट कर्मियों का होगा सम्मान

इस राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, लोकतंत्र सेनानियों, मीसाबंदियों तथा कारगिल युद्ध में अपने प्राण न्यौछावर करने वाले शहीदों के परिजनों को शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा देहदान व अंगदान करने वाले संभ्रांत नागरिकों के साथ-साथ विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय अधिकारियों व कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

स्कूलों में सुबह होगा ध्वजारोहण और सजाए जाएंगे कार्यालय

जिलेभर के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों और कार्यालयों में सुबह 7:30 बजे से 8:00 बजे के बीच ध्वजारोहण संपन्न होगा और राष्ट्रगान गाया जाएगा। पर्व की भव्यता को बढ़ाने के लिए 14 और 15 अगस्त को शहर के प्रमुख सरकारी कार्यालयों को आकर्षक तिरंगे की रोशनी से सजाया जाएगा।

मुख्य आयोजन स्थल पर सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा, निर्बाध बिजली आपूर्ति, टेंट और एलईडी स्क्रीन की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। मुख्य समारोह की समाप्ति के पश्चात मंत्री महोदय एक विद्यालय में जाकर बच्चों के साथ मध्यान्ह भोजन करेंगे और परिसर में पौधरोपण भी करेंगे।

कार्यक्रम की तमाम व्यवस्थाओं और तैयारियों को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से 13 अगस्त को फाइनल रिहर्सल संपन्न हुई। कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ने पूर्व में ही बैठक लेकर सभी संबंधित विभागों को समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।