अवैध रेत परिवहन रोकने पर हुआ विवाद
दतिया जिले के जिगना थाना अंतर्गत डांगकरैरा रोड पर खनिज विभाग के उड़नदस्ते द्वारा अवैध रेत ले जा रहे एक वाहन को रोकने का मामला सामने आया है। चेकिंग के दौरान जब कर्मचारियों ने चालक से रॉयल्टी की वैध कागजात मांगे, तो स्थिति तनावपूर्ण हो गई और आरोपियों ने दल पर हमला बोल दिया।
उड़नदस्ता प्रभारी से मारपीट और तोड़फोड़
खनिज शाखा के उड़नदस्ता प्रभारी एवं पंचायत समन्वयक अधिकारी (पीसीओ) रामसिया गौंड़ ने जिगना थाने में घटना की शिकायत दर्ज कराई है। उनके अनुसार, यह घटना 11 सितंबर को रात करीब 10 से 11 बजे के बीच हुई, जब वे टीम के साथ नियमित चेकिंग कर रहे थे।
रॉयल्टी दिखाने के बजाय ट्रैक्टर चालक ने फोन करके अपने साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद आरोपियों ने उड़नदस्ते के सरकारी वाहन में तोड़फोड़ की और ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों के साथ मारपीट की।
गाली-गलौज कर दी जान से मारने की धमकी
हमलावरों ने मौके पर जमकर हंगामा किया और गालियां देते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को जबरन अपने साथ भगा ले गए। जाते-जाते आरोपियों ने अमले को धमकी दी कि यदि भविष्य में उनका वाहन दोबारा रोका गया, तो वे जान से खत्म कर देंगे।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान सोनू यादव, शिवम पंडित तथा मनीष यादव के रूप में की गई है। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया तेज कर दी है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!