खुले रास्ते से गुजरने की मजबूरी होगी खत्म

दतिया के जिला अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। अस्पताल परिसर में इन दिनों एक नए कॉरीडोर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इस व्यवस्था के बनने से खासकर गंभीर मरीजों और गर्भवती महिलाओं को आने-जाने में हो रही दिक्कतों से निजात मिलेगी।

ट्रॉमा सेंटर से ओपीडी ब्लॉक तक होगा निर्माण

नया कॉरीडोर मुख्य रूप से ट्रॉमा सेंटर से न्यू ओपीडी ब्लॉक और दूसरे हिस्से में मेटरनिटी वार्ड के बाहर तक तैयार किया जा रहा है। वर्तमान स्थिति यह है कि इन्हीं दोनों विभागों में सबसे अधिक संख्या में मरीजों का आना-जाना होता है और यहीं सबसे ज्यादा मरीज भर्ती भी किए जाते हैं।

अब तक इन विभागों के बीच का रास्ता पूरी तरह खुला हुआ था। इस वजह से तेज गर्मी के मौसम में चिलचिलाती धूप और बरसात के दिनों में पानी के बीच से ही मरीजों को स्ट्रेचर पर ले जाना पड़ता था। इस परेशानी को दूर करने के लिए खुले परिसर को ढकते हुए टीनशेड का कॉरीडोर बनाया जा रहा है।

रोगी कल्याण समिति की बैठक में मिली थी मंजूरी

अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. केसी राठौर के अनुसार, इन सभी निर्माण कार्यों से जुड़े प्रस्तावों को पहले ही रोगी कल्याण समिति की बैठक के एजेंडे में शामिल किया गया था। समिति द्वारा इन सभी विकास कार्यों को आधिकारिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।

एनक्वास (NQAS) क्वालीफाई करने के दौरान प्राप्त हुई राशि का उपयोग इन सभी विकास कार्यों को पूरा कराने के लिए किया जा रहा है। कॉरीडोर के अलावा महिला मरीजों और उनके साथ आने वाले परिजनों के बैठने व आराम करने के वास्ते अस्पताल परिसर में एक नया पार्क भी विकसित किया जाएगा।