दतिया उपचुनाव संपन्न होने के बाद राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों के भीतर चल रही अंदरूनी कलह और भीतरघात के मामले अब सतह पर आने लगे हैं। चुनाव के दौरान हुई क्रॉस वोटिंग और अनुशासनहीनता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विभिन्न दलों ने दंडात्मक कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।
भीम आर्मी ने भंग की जिला कार्यकारिणी
भीम आर्मी भारत एकता मिशन ने दतिया जिले की संपूर्ण जिला कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया है। संगठन के स्तर पर यह कार्रवाई संगठन विरोधी गतिविधियों और नियमों के उल्लंघन के आरोपों के चलते की गई है। प्रदेश संयोजक सुनील बैरसिया द्वारा यह आदेश जारी किया गया है, जिसकी जानकारी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को भी भेज दी गई है। संगठन की ओर से बताया गया है कि स्थिति की समीक्षा के बाद जल्द ही नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।
भगवा पार्टी के जिला अध्यक्ष निष्कासित
इसी कड़ी में भारतीय गण वार्ता पार्टी (भगवा पार्टी) ने भी सख्त रुख अपनाते ہوئے दतिया के जिला अध्यक्ष विजय गुना को पार्टी से बाहर कर दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं कार्यालय प्रभारी विनोद कुमार पाण्डेय के हस्ताक्षर से जारी आदेश में यह आरोप लगाया गया है कि उन्होंने संगठन में रहते हुए भीतरघात किया और विरोधियों यानी कांग्रेस के पक्ष में मतदान कराने का प्रयास किया।
समीक्षा समिति की रिपोर्ट पर भाजपा की कार्रवाई
दतिया उपचुनाव में मिली हार के बाद भारतीय जनता पार्टी ने भी बड़ा संगठनात्मक फेरबदल किया है। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने हार के कारणों की जांच के लिए बनाई गई विशेष समीक्षा समिति की रिपोर्ट के आधार पर दतिया जिला कार्यकारिणी को भंग कर दिया है। इसके साथ ही जिले के सभी मंडलों, मोर्चों, प्रकोष्ठों, प्रकल्पों और विभागों की इकाइयों को भी तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया गया है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!