ग्वालियर-चंबल अंचल के दतिया जिले में पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कोतवाली पुलिस ने शनिवार की रात को गश्त के दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर एक अल्टो कार को पकड़ा, जिसमें भारी मात्रा में अवैध शराब भरी हुई थी।
हाईवे पर की गई थी घेराबंदी
बीती 8 अगस्त को कोतवाली थाना पुलिस इलाके में गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि उत्तर प्रदेश नंबर की अल्टो कार (क्रमांक UP-14 BF-2313) में सवार होकर कुछ लोग अवैध शराब की खेप लेकर दतिया-ग्वालियर हाईवे की तरफ बढ़ रहे हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल हरकत में आते हुए हाईवे पर सघन घेराबंदी कर दी।
भागने के दौरान आरोपी का पैर फ्रैक्चर
29वीं बटालियन के सामने पुलिस की गाड़ियों को देखकर कार सवारों ने कच्चे रास्ते से जंगल की तरफ भागने की कोशिश की। सतर्क पुलिस ने राहगीरों की मदद से रेलवे पटरी के पास वाहन को घेर लिया। कार से उतरकर दो लोग झाड़ियों की ओर भागे, जबकि पुलिस ने पवन यादव (30) निवासी मकोनी, थाना उनाव को धर दबोचा। पुलिस के मुताबिक, भागते समय गिरने के कारण पवन यादव के पैर में फ्रैक्चर आ गया है।
एक लाख रुपए की शराब और वाहन जब्त
पकड़ी गई कार की जब तलाशी ली गई तो उसमें से कुल 220 लीटर अवैध शराब और बीयर बरामद हुई। इसमें 10 पेटी देशी शराब, 2 पेटी आरएस अंग्रेजी शराब के अलावा आईकॉन शराब और किंगफिशर, बडवाइजर व अल्ट्रामेक्ट बीयर केन शामिल हैं। जब्त की गई शराब की कुल कीमत करीब 1 लाख रुपए और कार की कीमत लगभग 90 हजार रुपए आंकी गई है।
गिरफ्तार किए गए आरोपी पवन यादव ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसके साथ अवधेश तिवारी (निवासी दिनारा रोड रेलवे पटरी के पास, दतिया) और संतोष गुप्ता (निवासी पंडा की नरिया, दतिया) भी कार में मौजूद थे, जो पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए। एसपी मयूर खंडेलवाल ने बताया कि पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है तथा फरार आरोपियों की तलाश जारी है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!