किला चौक पर मना दीप उत्सव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार की रात दतिया के ऐतिहासिक किला चौक पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा 'एक दिया सेवा के नाम' अभियान के अंतर्गत दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम संपन्न हुआ।
पूर्व गृहमंत्री ने की शिरकत
इस स्थानीय आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री तथा वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और नागरिकों के साथ मिलकर दीप जलाए और कार्यक्रम की रौनक बढ़ाई।
समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. मिश्रा ने प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का संपूर्ण जीवन देश, गांव और समाज के जरूरतमंद वर्गों के विकास के लिए समर्पित है।
ऐतिहासिक फैसलों का किया जिक्र
पूर्व गृहमंत्री ने अपने संबोधन में केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि देश के गरीबों को चार करोड़ से अधिक पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा ग्रामीण अंचलों में हर घर नल से जल और विद्युतीकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्य धरातल पर उतरे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री ने देशहित में कई कड़े और ऐतिहासिक संकल्प पूरे किए हैं। इनमें अनुच्छेद 370 और 35ए की समाप्ति, भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण और नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) जैसे वादों का पूरा होना शामिल है।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने कहा कि ऐसे यशस्वी नेतृत्व का जन्मदिन मनाने का अवसर मिलना क्षेत्रवासियों के लिए सौभाग्य की बात है। इस दीपोत्सव के अवसर पर बड़ी संख्या में व्यापारी वर्ग, भाजपा कार्यकर्ता और आम जनता उपस्थित रही।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!