मुखबिर की सूचना पर कोतवाली पुलिस की कार्रवाई

दतिया शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग इलाके में अवैध हथियार लेकर घूम रहे हैं।

इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने शहर के सीतासागर स्थित गहोई वाटिका के पास दबिश दी। वहां एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल के पास खड़े दो संदिग्ध युवक पुलिस को देखते ही घबरा गए और वहां से भागने की कोशिश करने लगे।

घेराबंदी कर पकड़े गए दोनों आरोपी

पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों का पीछा किया और उन्हें धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों में एक वयस्क युवक और एक बाल अपचारी शामिल है।

थाना प्रभारी सुधीर हिनारिया ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पूछताछ में वयस्क आरोपी की पहचान सिद्धार्थ कॉलोनी निवासी क्रिष अहिरवार के रूप में हुई है।

लाइसेंस नहीं दिखा सका आरोपी, आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज

तलाशी के दौरान आरोपी क्रिष अहिरवार के पास से 315 बोर का एक देशी कट्टा बरामद किया गया। जब पुलिस ने उससे हथियार से जुड़े दस्तावेज और लाइसेंस की मांग की, तो वह कोई वैध कागजात पेश नहीं कर सका।

पुलिस ने मौके से स्प्लेंडर बाइक और अवैध कट्टे को जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है तथा उससे हथियार के स्रोत को लेकर पूछताछ की जा रही है।