दतिया शहर में स्थानीय निकाय की बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां के व्यस्त मुख्य बाजार में पिछले छह महीने से एक नाली पूरी तरह खुली हुई है, जिससे गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों की जान पर हर वक्त खतरा मंडराता रहता है।

रेत से भरे ट्रैक्टर ने तोड़ा था चैंबर

मिली जानकारी के अनुसार, श्री बिहारी जी मंदिर के समीप स्थित इस नाली का चैंबर कुछ महीने पहले रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली गुजरने के कारण टूट गया था। चैंबर टूटने के बाद से ही नाली का हिस्सा खुला हुआ है।

घटना के बाद से स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों ने कई बार इसकी शिकायत संबंधित विभाग से की, परंतु नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारियों ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया और मरम्मत का कार्य नहीं कराया गया।

बुधवार सुबह हुआ बड़ा हादसा टला

इसी अनदेखी का नतीजा बुधवार सुबह देखने को मिला, जब एक युवती अपनी स्कूटी लेकर इसी खुले हिस्से के पास से गुजर रही थी। असंतुलन बिगड़ने के कारण युवती स्कूटी समेत सीधे नाली के अंदर जा गिरी।

गनीमत यह रही कि घटना के वक्त आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े। राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों ने मिलकर बिना देर किए युवती को बाहर निकाला और संभाला, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल

यह मुख्य मार्ग दिनभर भारी ट्रैफिक और भीड़भाड़ से घिरा रहता है। इसके बावजूद नगर पालिका का लचर रवैया जस का तस बना हुआ है। शहरवासियों का कहना है कि अधिकारी शायद किसी बड़े हादसे के इंतजार में बैठे हैं।