दतिया जिले के इंदरगढ़ कस्बे में सोमवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक कोचिंग सेंटर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। शीतला गंज इलाके में राजा का बाग रोड पर हुई इस वारदात के बाद इलाके में भारी दहशत का माहौल बन गया है। गनीमत यह रही कि इस गोलीबारी की घटना में किसी भी छात्र या अन्य व्यक्ति को चोट नहीं आई।

छात्र विवाद के बाद बाइक सवार बदमाशों ने चलाई गोली

मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि राजा का बाग रोड स्थित इस इलाके में सुबह के समय कोचिंग संस्थानों में पढ़ाई के लिए बड़ी संख्या में लड़के-लड़कियां आते हैं। घटना से ठीक पहले एक छात्र के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके कुछ देर बाद ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए दो अज्ञात युवकों ने कट्टे से फायरिंग शुरू कर दी और वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।

अचानक हुई इस गोलीबारी की आवाज से वहां मौजूद विद्यार्थियों में चीख-पुकार मच गई और वे अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस घटना के कारण कुछ देर के लिए सड़क पर आवागमन भी थम गया और लोग सहम गए।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस

दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात की सूचना मिलते ही इंदरगढ़ थाना पुलिस का दल-बल तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गया। पुलिस अधिकारियों ने आसपास के परिसरों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिए हैं ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। मौके पर मौजूद लोगों और छात्रों से भी इस मामले में पूछताछ की जा रही है।

इस संबंध में एसडीओपी अजय चानना ने जानकारी दी है कि आरोपियों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

वार्डवासियों ने एसपी को भेजी शिकायत

इस घटना के बाद स्थानीय वार्डवासियों और पालकों में भारी रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि कोचिंग इलाकों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं और कई संस्थानों के बाहर कैमरे तक नहीं लगे हैं। इसे लेकर नागरिकों ने पुलिस अधीक्षक को व्हाट्सएप के माध्यम से अपनी शिकायत प्रेषित की है, जिसमें क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई है।