ग्वालियर-चंबल अंचल के दतिया जिले में एक बेहद मामूली बात पर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। भांडेर थाना इलाके के खिरिया साहब गांव में रविवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे महज चार सौ रुपयों के लेनदेन और विवाद के चलते एक महिला ने अपने ही पति को मौत के घाट उतार दिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोग हैरान हैं।

मजदूरी से लौटकर खाना खा रहा था जशवंत

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की शिनाख्त 38 वर्षीय जशवंत दोहरे पुत्र आशाराम दोहरे के रूप में हुई है। जशवंत पेशे से मजदूर था और रविवार को दिनभर की मेहनत के बाद जब वह घर लौटा तो खाना खाने बैठा। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका अपनी पत्नी रूपा दोहरे से विवाद छिड़ गया। यह विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट की नौबत आ गई।

डंडे के प्रहार से मौके पर ही गई जान

विवाद के दौरान आवेश में आकर रूपा ने घर में रखा एक डंडा उठाया और जशवंत के सिर पर जोरदार वार कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण जशवंत लहूलुहान होकर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर जमा हो गए और उन्होंने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी।

पुलिस ने आरोपी पत्नी को लिया हिरासत में

सूचना मिलते ही भांडेर थाना पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। भांडेर थाना प्रभारी सपना शर्मा ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

तेरह साल पहले हुई थी शादी, परिवार में पसरा मातम

मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार जशवंत और रूपा की शादी करीब 13 वर्ष पूर्व हुई थी और उनका आठ साल का एक बेटा भी है। जशवंत घर में बड़ा भाई था, जबकि उसका छोटा भाई दिल्ली में रहकर मजदूरी करता है। घटना के वक्त माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्य खेत पर गए हुए थे, जिससे घर पर केवल पति-पत्नी ही मौजूद थे। ग्रामीणों का कहना है कि मृतक शराब पीने का आदी था, फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।