सड़क किनारे पसरीं दुकानें तो सक्रिय हुई पुलिस

दतिया शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। पूर्व में बम-बम महादेव चौराहे से हटाए गए सब्जी विक्रेताओं को पास के पार्क के मैदान में शिफ्ट किया गया था, ताकि सड़क पर जाम की स्थिति न बने। लेकिन शनिवार को कई विक्रेता अपने ठेले, डलिया और गुमठियां लेकर दोबारा सड़क किनारे आ गए, जिससे आवागमन प्रभावित होने लगा।

ग्राहकों की कमी का हवाला देकर लौटे थे विक्रेता

सड़क किनारे दोबारा दुकान लगाने वालों में महिलाओं की संख्या भी अच्छी खासी थी। जब यातायात पुलिस ने उनसे पूछताछ की, तो उन्होंने बताया कि पार्क के पास ग्राहक कम पहुंच रहे हैं। धंधा मंदा होने की वजह से उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, जिसके चलते वे मजबूरन सड़क किनारे वापस आ गए थे।

मामले की जानकारी मिलते ही यातायात थाना प्रभारी हिमांशु भार्गव अपने बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने करीब आधे घंटे तक सब्जी विक्रेताओं से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें सड़क पर अतिक्रमण न करने और यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी। समझाइश मिलने के बाद सभी विक्रेता अपना सामान समेटकर वापस निर्धारित पार्क परिसर में चले गए।

स्कूल के पास कार्रवाई की जद में आए नाबालिग वाहन चालक

इसी अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने रास जेबी पब्लिक स्कूल के पास एक अन्य बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। सुबह स्कूल जाते वक्त बाइक और स्कूटी दौड़ा रहे 20 से 22 नाबालिग छात्रों को पुलिस ने बीच रास्ते में रोक लिया। कम उम्र में वाहन चलाने पर रोक के तहत पुलिस ने इन सभी के वाहन रुकवाए और उनके परिजनों को फोन पर इस बात की सूचना दी।

थाना प्रभारी हिमांशु भार्गव ने बताया कि फिलहाल सभी छात्रों और उनके पालकों को कड़ी चेतावनी देकर और समझा-बुझाकर छोड़ दिया गया है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि यही नाबालिग छात्र भविष्य में दोबारा दोपहिया वाहन चलाते पकड़े गए, तो उनके और उनके अभिभावकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।