ग्वालियर-चंबल अंचल के दतिया जिले में बुधवार शाम कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक गंभीर वारदात सामने आई। यहां कोतवाली थाना इलाके में पुरानी रंजिश के चलते कुछ बदमाशों ने सरेराह एक युवक को अपनी गाड़ी से ओवरटेक कर रोक लिया और उसके साथ जमकर मारपीट की। इसके बाद आरोपी उसे जबरन स्कॉर्पियो वाहन में डालकर अपने साथ ले गए।
बाइक रुकवाकर दिया वारदात को अंजाम
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, महेवा गांव का रहने वाला 24 वर्षीय पवन यादव अपने भाई संजय यादव के साथ बुधवार शाम करीब छह बजे एक वकील से मुलाकात कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक स्कॉर्पियो गाड़ी (नंबर UP93 BO 3238) ने उनकी बाइक को आगे आकर रुकवा लिया। खास बात यह है कि इस वाहन के पिछले कांच पर पुलिस लिखा हुआ था।
गाड़ी रुकते ही उसमें से छह लोग बाहर आए और दोनों भाइयों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने दोनों को गाड़ी में खींचने का प्रयास किया, इस दौरान संजय यादव किसी तरह धक्का देकर वहां से भागने में सफल रहा, लेकिन बदमाश पवन को जबरन स्कॉर्पियो में पटककर फरार हो गए।
दो घंटे बाद सड़क किनारे मिला घायल युवक
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस हरकत में आ गई और तुरंत आसपास के थानों में अलर्ट जारी करते हुए वाहन का नंबर वायरलेस पर सर्कुलेट कर दिया। पुलिस की ताबड़तोड़ तलाश के डर से घबराए बदमाश घटना के करीब दो घंटे बाद रात लगभग आठ बजे पवन को लक्ष्मणपुरा गांव के पास सड़क किनारे गंभीर हालत में छोड़कर भाग निकले।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल पवन को तत्काल इंदरगढ़ स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे दतिया जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस पूरी घटना के दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने इसका वीडियो भी बना लिया था, जो पुलिस की जांच में अहम साबित हो रहा है।
दस बीघा जमीन का चल रहा है पुराना विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पीड़ित पवन और आरोपियों के बीच लगभग 10 बीघा जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा है। इस रंजिश के चलते करीब तीन महीने पहले भी उसके साथ मारपीट की गई थी। इस बार मामला अपहरण और जानलेवा हमले तक पहुंच गया।
एडिशनल एसपी मनजीत सिंह चावला ने बताया कि पीड़ित के बयानों के आधार पर शैलेंद्र यादव, जशरत यादव, संजू यादव, राधु यादव, विशाल यादव, राजा बाबू और एक अज्ञात ड्राइवर सहित कुल सात लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस की टीमें सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!