दतिया में ग्वालियर-झांसी नेशनल हाईवे पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। मेडिकल कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल के सामने तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बाइक पर सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टक्कर इतनी भयंकर थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गई सांसें

घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीरों की सूचना पर डायल-112 और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के कारण कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात भी बाधित रहा, जिसे पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर सुचारू कराया।

साइबर सेल की मदद से हुई पहचान

हादसे के बाद पुलिस के समक्ष मृतकों की शिनाख्त करना एक बड़ी चुनौती थी, क्योंकि उनके पास कोई पहचान पत्र नहीं मिला। घटनास्थल पर एक मोबाइल पूरी तरह क्षतिग्रस्त और बंद हालत में मिला, जबकि दूसरा फोन लॉक था। पुलिस ने साइबर टीम की तकनीकी सहायता ली और फोन को खुलवाकर परिजनों से संपर्क किया, जिसके बाद उनकी पहचान महावीर कुशवाह (17) निवासी राजा का बगिया और लखन कुशवाह (21) निवासी भांडेर के रूप में हुई।

मामा के बेटे को लेने गया था लखन

परिजनों ने बताया कि लखन अपनी बाइक से करीब डेढ़ घंटे पहले अपने मामा के बेटे महावीर को लेने पहुंचा था और दोनों इसके बाद घूमने निकले थे। किसी को अंदेशा नहीं था कि यह उनकी आखिरी यात्रा साबित होगी। इस अप्रत्याशित हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया और जिला अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि वाहन का सुराग लगाया जा सके।