उनाव रोड पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

दतिया जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस ने शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। उनाव रोड स्थित बस बॉडी के पास बने एक मकान के बाहर स्थित बाथरूम से भारी मात्रा में अवैध देशी और अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। जब्त की गई शराब की कुल मात्रा 58.950 लीटर है, जिसकी बाजार में कीमत करीब 50 हजार रुपए आंकी गई है।

दो आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार

इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मुकेश साहू (47), जो कि भाजपा पार्षद पति राकेश साहू का भाई है, और सक्षम चतुर्वेदी (23) के रूप में हुई है। वहीं, इस अवैध कारोबार से जुड़े बताए जा रहे पार्षद पति राकेश साहू पुलिस के आने से पहले ही घटनास्थल से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।

दबिश के दौरान भारी मात्रा में मिली शराब

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गत 3 अक्टूबर की रात को अवैध शराब के भंडारण कीू पुख्ता सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस दल ने उनाव रोड स्थित उक्त मकान के बाहरी हिस्से में बने बाथरूम की घेराबंदी कर तलाशी ली। जांच के दौरान वहां से विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी और देशी शराब के कार्टून व बोतलें बरामद हुईं।

छापेमारी के दौरान मौके से आइकॉनिक व्हाइट की 4 बोतलें, रॉयल चैलेंज की 9 बोतलें और 12 हाफ बोतलें, आइकॉनिक व्हाइट के 19 क्वार्टर, 8 पीएम के 41 क्वार्टर, किंगफिशर बीयर की 48 केन तथा देशी प्लेन मदिरा के 53 क्वार्टर जब्त किए गए। पुलिस ने इन सभी वैरायटी को जोड़कर कुल 58.950 लीटर शराब जब्त की है।

आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों—उनाव रोड निवासी मुकेश साहू और कुम्हर्रा निवासी सक्षम चतुर्वेदी—के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि फरार चल रहे राकेश साहू की तलाश की जा रही है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के जरिए इस अवैध नेटवर्क के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।