दूध लेने घर से निकली थी छात्रा
दतिया के इंदरगढ़ नगर में रविवार की सुबह एक सड़क दुर्घटना में युवती की जान चली गई। स्थानीय बावड़ी सरकार मंदिर के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने पैदल जा रही छात्रा को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के समय वह घर से दूध लेने के लिए निकली हुई थी।
एक दिन पहले ही ग्वालियर से लौटी थी घर
हादसे में जान गंवाने वाली युवती की पहचान 25 वर्षीय नेहा जाटव के रूप में हुई है। नेहा वर्तमान में ग्वालियर में रहकर एएम (AM) की पढ़ाई कर रही थी। वह शनिवार को ही पढ़ाई के सिलसिले से अपने इंदरगढ़ स्थित घर वापस आई थी, जहां यह अनहोनी हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। टक्कर लगने के बाद परिजन तुरंत नेहा को गंभीर हालत में स्थानीय इंदरगढ़ स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल दतिया रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
पिता हैं बीएसएफ में तैनात
मृतका नेहा अपने दादा-दादी के साथ इंदरगढ़ में निवास करती थी। वह चार बहनों में सबसे छोटे नंबर की थी। उनके पिता मेहरबान जाटव सीमा सुरक्षा बल (BSF) में अपनी सेवाएं दे रहे हैं और वर्तमान में जम्मू-कश्मीर में पदस्थ हैं।
यह पूरा परिवार मूल रूप से जरौली गांव का रहने वाला है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक और उसके चालक को अपनी हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है, हालांकि परिजनों की ओर से फिलहाल किसी के खिलाफ कोई विशिष्ट आरोप नहीं लगाया गया है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!