कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी शनिवार को चैत्र नवरात्रि की सप्तमी के पावन अवसर पर दतिया पहुंचे। उन्होंने यहां पहुंचकर प्रसिद्ध श्री पीतांबरा पीठ में मां बगलामुखी के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर स्थित ऐतिहासिक वनखंडेश्वर महादेव मंदिर में पहुंचकर जलाभिषेक किया और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
जनता के समर्थन के प्रति जताया आभार
दर्शन पूजन के पश्चात पत्रकारों से चर्चा करते हुए पटवारी ने कहा कि वे पिछले विधानसभा उपचुनाव के दौरान कांग्रेस का समर्थन करने वाले दतिया क्षेत्र के नागरिकों का धन्यवाद ज्ञापित करने आए हैं। उन्होंने कहा कि मां बगलामुखी से प्रार्थना की है कि वे सभी के कष्टों का निवारण करें और प्रदेशवासियों पर अपनी कृपा दृष्टि सदैव बनाए रखें।
सरकार और मुख्यमंत्री की कार्यशैली पर उठाए सवाल
प्रदेश की राजनीतिक स्थिति पर बोलते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार का ग्राफ लगातार ऊपर जा रहा है और मुख्यमंत्री का प्रशासनिक अमले तथा पार्टी कार्यकर्ताओं पर से नियंत्रण समाप्त होता जा रहा है। पटवारी ने आरोप लगाया कि राज्य के अधिकारी पूरी तरह बेलगाम हो चुके हैं, जिससे व्यवस्था चरमरा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि चुनाव परिणामों के तुरंत बाद उन्होंने मुख्यमंत्री से अपनी कार्यशैली में सुधार लाने का आग्रह किया था, परंतु ज़मीन पर कोई बदलाव दिखाई नहीं दे रहा है।
जनता खुद बदलाव करने में सक्षम
दतिया के उपचुनाव परिणामों का हवाला देते हुए पटवारी ने कहा कि यहां की जनता ने कार्यसंस्कृति में बदलाव का स्पष्ट संदेश दे दिया है। यदि सरकार अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं करती है, तो जनता को स्वयं ही बदलाव लाना पड़ेगा। मुख्यमंत्री के कार्यकाल को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि वे 2028 तक पद पर रहते हैं या नहीं, यह भारतीय जनता पार्टी का आंतरिक विषय है, लेकिन आवश्यकता पड़ने पर प्रदेश की जनता बड़ा निर्णय लेगी।
केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने तीखी टिप्पणियां कीं। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में शासन व्यवस्था तानाशाही की तरफ बढ़ रही है और जनता के मन में सरकार के प्रति गहरा असंतोष है। इसके साथ ही, मीडिया द्वारा भाजपा के कुछ वरिष्ठ नेताओं के हालिया भावुक होने के संदर्भ में पूछे गए सवाल पर पटवारी ने इसे सत्ता और संसाधनों की हिस्सेदारी की आंतरिक कलह करार दिया।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!