दतिया जिले में अपराधियों और रसूखदारों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी बानगी शुक्रवार रात रिंग रोड पर देखने को मिली। यहां भांडेर जनपद पंचायत उपाध्यक्ष सुमन धाकड़ के पति प्रदीप धाकड़ को रास्ते में रोककर बेरहमी से पीटा गया। इस सनसनीखेज वारदात में गंभीर चोटें आने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
दर्शन कर ग्वालियर लौट रहे थे पीड़ित
सालोन बी निवासी 38 वर्षीय प्रदीप धाकड़, पुत्र कमल सिंह धाकड़ ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह शुक्रवार की रात मां पीतांबरा के दर्शन करने के उपरांत अपनी कार से ग्वालियर की ओर रवाना हुए थे। जैसे ही उनकी गाड़ी रिंग रोड के पास पहुंची, कुछ लोगों ने उनकी कार को जबरन रुकवा लिया और लाठी-डंडों से हमला बोल दिया।
हमले में प्रदीप के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद राहगीरों और पुलिस की त्वरित सहायता से उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
मुख्य आरोपी पर पहले से दर्ज है गंभीर मामले
पीड़ित ने इस हमले के पीछे भांडेर जनपद पंचायत अध्यक्ष संतोषी यादव के पति बलदाऊ यादव सहित विक्रम यादव, राजू यादव और रंजीत यादव का हाथ होने का आरोप लगाया है। खास बात यह है कि इस मामले में नामजद बलदाऊ यादव का नाम पहले से ही दतिया के बहुचर्चित राजगढ़ चौराहा हत्याकांड से जुड़ा हुआ है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, राजगढ़ चौराहा हत्याकांड मामले में बलदाऊ यादव को 11 मामलों में सजा मिल चुकी है और वह लंबे समय से फरार चल रहा है। इस नए मामले में उसका नाम सामने आने के बाद पुलिस की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
पुराने विवाद और राजनीतिक एंगल की जांच
परिजनों का मानना है कि इस वारदात के तार सालोन बी स्थित सब स्टेशन को लेकर चले आ रहे पुराने विवाद से जुड़े हो सकते हैं। दोनों पक्षों के बीच इस मुद्दे पर पहले से ही मनमुटाव चल रहा था, हालांकि पुलिस इस एंगल के साथ-साथ अन्य सभी संभावनाओं की गहराई से पड़ताल कर रही है।
दूसरी ओर, घटना के समय प्रदीप धाकड़ एक राजनीतिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे, जिसके चलते स्थानीय स्तर पर इसे राजनीतिक समीकरणों से भी जोड़ा जा रहा है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हमले के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!