दतिया जिले के इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के मैथाना पाली गांव में बुधवार शाम गणेश विसर्जन के दौरान दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। मामूली कहासुनी के बाद बात इतनी बढ़ गई कि लाठी-डंडे चलने लगे और देखते ही देखते फायरिंग शुरू हो गई। इस गोलीबारी की घटना में एक ही परिवार के चाचा और भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए।

भैंस चराने के दौरान डीजे रोकने पर हुआ था विवाद

घटना की जानकारी देते हुए परिजनों ने बताया कि अजय यादव (28) और उनके चाचा वकील यादव (43) गांव के पास नदी की तरफ अपनी भैंसे चराने गए थे। उसी समय चौकपुरा के लोग खेरा पति मंदिर के पास स्थापित गणेश प्रतिमा को विसर्जन के लिए डीजे के साथ लेकर जा रहे थे। जब चाचा-भतीजे ने वहां से गुजरते वक्त डीजे बजाने से रोका, तो दोनों पक्षों में तीखी झड़प हो गई।

फायरिंग में चाचा-भतीजा घायल, ग्वालियर रेफर

घायल पक्ष के परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने पहले लाठी-डंडों से दोनों की पिटाई की और उसके बाद गोली चला दी। इस हमले में मानवेंद्र उर्फ छुट्टी, रोहित, गजराज यादव, श्रीकांत यादव, हाकिम यादव, ऋषभ यादव और रघुराज यादव समेत अन्य लोगों पर फायरिंग करने के आरोप लगाए गए हैं। घायलों को पहले इंदरगढ़ अस्पताल ले जाया गया, फिर दतिया जिला अस्पताल भेजा गया और हालत गंभीर होने पर उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया गया।

दूसरे पक्ष के लोग भी हुए घायल, पुलिस जांच में जुटी

इस पूरे घटनाक्रम में दूसरे पक्ष के लोगों के भी घायल होने की सूचना मिली है। संघर्ष में हाकिम सिंह (50), गजराज सिंह यादव (52) और पंजाब सिंह सहित 3 से 4 अन्य लोग घायल बताए गए हैं, जिनका इलाज इंदरगढ़ अस्पताल में चल रहा है।

इंदरगढ़ थाना प्रभारी गौरव शर्मा ने बताया कि पुलिस को जैसे ही विवाद और फायरिंग की सूचना मिली, दल-बल के साथ टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद दोनों पक्षों के लोगों और घायलों से पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।