ग्वालियर-चंबल अंचल के दतिया जिले से एक बार फिर हर्ष फायरिंग की लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां उनाव थाना इलाके के कामद गांव में रविवार शाम एक जन्मदिन के खुशी के माहौल में अचानक गोलियां चल गईं।

बीज गोदाम के पास हुआ हादसा

यह पूरी घटना शाम करीब साढ़े चार बजे गांव में बीज गोदाम के पास वाले मार्ग पर हुई। स्थानीय निवासी पहलाद वंशकार के घर बेटे के जन्म की खुशी में उत्सव मनाया जा रहा था और इसी कार्यक्रम के दौरान फायरिंग की गई।

घायल छात्र की हुई पहचान

इस दौरान वहां से पंद्रह साल का अभिषेक पुत्र हरदयाल अहिरवार गुजर रहा था। हर्ष फायरिंग के दौरान निकले गोली के छर्रे सीधे उसे जा लगे, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के तुरंत बाद परिजन सक्रिय हुए और शाम करीब छह बजे घायल किशोर को जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है।

पुलिस जुटी तफ्तीश में

उनाव थाने के प्रभारी अंशुल अरोरा ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि घायल छात्र को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है और पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।