दतिया जिले के लांच थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले तोड़ा गांव में एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां खेत के बंटवारे को लेकर हुए आपसी विवाद से आहत होकर 55 वर्षीय किसान राजपाल सोलंकी ने जहरीला कीटनाशक पी लिया, जिससे उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई।

भाई और भतीजे से हुआ था झगड़ा

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह राजपाल सोलंकी का अपनी ही जमीन के हिस्से को लेकर भाई सुरेंद्र सोलंकी से झगड़ा हो गया था। इस गरमागरम बहस के दौरान सुरेंद्र का बेटा सत्यम भी वहां आ गया और आरोप है कि उसने राजपाल के साथ मारपीट की, जिसके बाद वे वहां से अपने घर लौट आए थे।

कीटनाशक पीने के बाद बिगड़ी तबीयत

घर लौटने के कुछ समय बाद राजपाल वापस खेत की तरफ गए और वहां फसल में डालने वाली जहरीली दवा गटक ली। तबीयत तेजी से बिगड़ने पर परिवार के लोग उन्हें फौरन इंदरगढ़ स्वास्थ्य केंद्र ले गए। हालत गंभीर होने पर उन्हें पहले दतिया जिला अस्पताल और बाद में झांसी रेफर कर दिया गया, जहां शनिवार को सुबह करीब 11 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।

परिजनों ने एसपी ऑफिस के बाहर किया हंगामा

किसान की मौत से गुस्साए परिजन शनिवार दोपहर को उनका शव लेकर सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। अतिरिक्त पुलिस द्वारा निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद परिजन शव को लेकर इंदरगढ़ अस्पताल पहुंचे, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

इस संबंध में लांच थाना प्रभारी भुवनेश शर्मा ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।