दतिया में मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में साप्ताहिक जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े ने जिलेभर से पहुंचे आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को तय समयसीमा में मामलों का निराकरण करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भी सुनी गईं समस्याएं
कलेक्ट्रेट के साथ-साथ एसपी कार्यालय में भी फरियादियों की भीड़ नजर आई। यहां पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल ने लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित थाना प्रभारियों को त्वरित जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने के सख्त निर्देश जारी किए।
गुप्तेश्वर मंदिर की जमीन से कब्जा हटाने की मांग
सुनवाई के दौरान बड़ौनी क्षेत्र के ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचे और उन्होंने गुप्तेश्वर मंदिर की जमीन पर कथित कब्जे और अवैध निर्माण को लेकर शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों ने आवेदन में सर्वे नंबर 314, 315 और 342 की भूमि को पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की। साथ ही पिछले करीब 20 वर्षों से मंदिर की सेवा कर रहे महंत माधव दास को आधिकारिक तौर पर पुजारी नियुक्त किए जाने का आग्रह भी किया गया।
स्टे के बावजूद निर्माण और ऑनलाइन ठगी का मामला
एक अन्य मामले में प्रीति साहू ने शिकायत दी कि न्यायालय का स्टे आदेश होने के बावजूद जमीन पर अवैध निर्माण कराया जा रहा है। वहीं आशा अहिरवार ने आरोप लगाया कि उनके रिश्तेदार सुमित अहिरवार ने मोबाइल से सिम निकालकर फोन-पे के जरिए उनके बैंक खाते से 1 लाख 10 हजार रुपए निकाल लिए। महिला ने पूर्व में जेवर चोरी होने और बेटे के साथ मारपीट का आरोप लगाते हुए भी न्याय की गुहार लगाई।
ट्रैक्टर-ट्रॉलियां गिरवी रखने और पुलिसकर्मी पर आरोप
ब्रजमोहन शर्मा नामक प्रार्थी ने सागर राजा पर किराए पर ली गई ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को अवैध रूप से गिरवी रखने का आरोप लगाया। उनका दावा है कि उनके अलावा करीब 10 अन्य लोगों के साथ भी ऐसी ही ठगी की गई है। इसके अलावा इंदरगढ़ की एक महिला ने पुलिस आरक्षक टीटू चौहान पर फोन कर अश्लील बातचीत का दबाव बनाने का आरोप लगाया। अधिकारियों ने सभी मामलों में जांच के बाद उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!