मध्यप्रदेश के पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा शुक्रवार को सुबह दतिया पहुंचे। उपचुनाव के बाद उनके पहली बार गृह जिले में आने पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला। श्री पीतांबरा पीठ में विधि-विधान से दर्शन करने के बाद वे अपने निज निवास माई कृपा परिसर पहुंचे।
माई कृपा परिसर में उमड़ी भीड़
जैसे ही डॉ. मिश्रा का काफिला माई कृपा परिसर पहुंचा, वहां पहले से मौजूद समर्थकों ने ‘देखो-देखो शेर आया’ के नारे लगाने शुरू कर दिए। भीड़ इतनी अधिक थी कि लोग उनसे मिलने और हाथ मिलाने के लिए आगे आ गए। इस दौरान दतिया के पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह भी उनके साथ मौजूद रहे।
माहौल में गरमाई नारेबाजी को देखते हुए पूर्व मंत्री ने हाथ के इशारे से समर्थकों को शांत रहने को कहा। उनके निर्देश के बाद पुराने नारे तो थम गए, लेकिन कार्यकर्ताओं ने तुरंत ‘भाजपा जिंदाबाद’ और ‘नरेंद्र मोदी जिंदाबाद’ के नारे लगाने शुरू कर दिए जिससे पूरा परिसर गूंज उठा।
इसे बताया धार्मिक दौरा
मीडिया से चर्चा करते हुए डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने स्पष्ट किया कि उनका यह दौरा पूरी तरह से धार्मिक यात्रा है, इसका राजनीति से कोई सीधा संबंध नहीं है। उन्होंने बताया कि उन्हें डबरा में अपनी बहन के यहां एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने जाना है और इसी क्रम में उन्होंने दतिया पहुंचकर माता पीतांबरा का आशीर्वाद लिया है।
हालांकि, जब पत्रकारों ने उनसे दिल्ली यात्रा और जिला कार्यकारिणी के भंग होने से जुड़े राजनीतिक सवाल पूछे, तो उन्होंने कोई टिप्पणी नहीं की। वे इन सवालों से बचते नजर आए और माइक को अपने से दूर कर लिया।
नपा में छह नए पार्षद नामांकित
दतिया प्रवास के दौरान राज्य शासन द्वारा नगर पालिका परिषद में छह पार्षदों के मनोनयन का मामला भी सामने आया। मप्र नगर पालिका अधिनियम की धारा के तहत रामनाथ प्रजापति, रामसेवक पाल, दिलीप वाल्मीकि, राघवेंद्र सिंह बुंदेला, मन्जू मांझी और रामकुमार अग्रवाल को पार्षद नामित किया गया है।
यह सभी नामांकित पार्षद डॉ. नरोत्तम मिश्रा के करीबी और समर्थक माने जाते हैं। इस आधिकारिक आदेश के आने के बाद पूर्व गृह मंत्री ने इन सभी पार्षदों को फूल-माला पहनाकर उनका स्वागत किया। लगभग आधे घंटे तक कार्यकर्ताओं के बीच रुकने के बाद डॉ. मिश्रा डबरा के लिए रवाना हो गए।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!