सांस्कृतिक-साहित्यिक पत्रिका द्वारा हुआ आयोजन

दतिया शहर में सांस्कृतिक और साहित्यिक मासिक पत्रिका 'आदित्य संस्कृति' के तत्वावधान में विशेष हिंदी महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शहर में सद्ग्रंथों की एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में साहित्यकार, समाजसेवी और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।

राजगढ़ चौराहा और पीतांबरा पीठ से गुजरी यात्रा

यह शोभायात्रा सीता सागर के पास स्थित गंगोटिया हनुमान मंदिर से आरंभ हुई। इसके बाद यह राजगढ़ चौराहा और पीतांबरा पीठ के पश्चिमी द्वार से होती हुई राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त की प्रतिमा तक पहुंची। मार्ग में श्रद्धालुओं ने मां सरस्वती और सद्ग्रंथों पर पुष्प अर्पित किए।

प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर साहित्यकारों ने राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें नमन किया। इसके बाद शोभायात्रा पुन: गंगोटिया हनुमान मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।

रामचरितमानस की पूजा और अतिथि सम्मान

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी एवं रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रांतीय सदस्य अमित अग्रवाल रहे। उन्होंने मां सरस्वती और पवित्र रामचरितमानस की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

समारोह के दौरान राजस्थान के बारां जिले से पधारे साहित्यकार एवं पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी सीताराम मीणा को मुख्य अतिथि अमित अग्रवाल और पत्रिका संपादक भानु शर्मा ने शाल, श्रीफल एवं सम्मान पत्र भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के अंत में संयोजक जगत शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस आयोजन में शोभायात्रा संयोजक विनोद मिश्रा, पत्रिका संपादक भानु शर्मा, साहित्यकार कमलकांत शर्मा समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।