दतिया जिले के पंडोखर थाना अंतर्गत ग्राम पड़री कलां में शुक्रवार सुबह एक दुखद घटना सामने आई। यहां 32 वर्षीय एक युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान राहुल कौरव, पुत्र गंधर्व कौरव के रूप में हुई है।

परिजनों ने सुबह राहुल को कमरे में छत के कुंदे से रस्सी के फंदे पर लटका हुआ देखा, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पंडोखर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, राहुल कौरव अपने दो भाइयों में बड़े थे। उनका छोटा भाई वर्तमान में भारतीय सेना में कार्यरत है। राहुल भी पहले सेना में अपनी सेवाएं दे चुके थे, लेकिन लगभग चार साल पहले कोर्ट मार्शल होने के बाद उनकी सेवा समाप्त कर दी गई थी।

सेना से सेवा समाप्ति के बाद से राहुल कथित तौर पर मानसिक तनाव में रहने लगे थे। परिजनों ने पुलिस को बताया कि उनका मानसिक स्वास्थ्य संबंधी उपचार भी चल रहा था। राहुल अविवाहित थे।

पुलिस की जांच जारी

पंडोखर थाना पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और आत्महत्या के कारणों की गहनता से जांच कर रही है। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे भांडेर अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं से मामले की पड़ताल कर रही है।