किला चौक पर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विरुद्ध दर्ज कराई गई एफआईआर को लेकर अंचल में रोष देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में सोमवार की देर शाम दतिया जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले स्थानीय किला चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया गया। बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने इस कार्रवाई के विरोध में नारेबाजी की।

पुतला दहन और तीखी प्रतिक्रिया

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जनों ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पुतला दहन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक दांगी बगदा के नेतृत्व में हुए इस आयोजन में वक्ताओं ने सरकार की नीतियों पर तीखे सवाल उठाए। नेताओं का कहना था कि सामाजिक भेदभाव और छुआछूत के खिलाफ आवाज बुलंद करने वालों को निशाना बनाया जा रहा है।

कार्यक्रम में मौजूद दतिया विधायक घनश्याम सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि राहुल गांधी देश भर में कमजोर वर्गों और पिछड़ों के अधिकारों की पैरवी कर रहे हैं। उन्होंने हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद हुए कथित शुद्धिकरण का जिक्र करते हुए कहा कि उस मामले में तमाम प्रयासों के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई, जबकि न्याय की बात कहने वालों पर मामले दर्ज किए जा रहे हैं।

मुकदमा वापस लेने की उठी मांग

जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक दांगी बगदा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पार्टी संविधान और वंचितों के हक के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि समाज में भेदभाव फैलाने वालों पर शिकंजा कसने के बजाय सवाल उठाने वालों पर मुकदमे लादना लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुकूल नहीं है।

अंत में कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन और सरकार से मांग की है कि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमों को तुरंत प्रभाव से वापस लिया जाए। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस संगठन महासचिव नरेंद्र गुर्जर, शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अजय शुक्ला समेत कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।