दतिया जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने 18 वर्षीय युवती की शिकायत पर दिनेश कुशवाह नामक युवक के खिलाफ दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज किया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि घटना के समय वह 17 वर्ष की थी।
घर आना-जाना था आरोपी का
शिकायत में बताया गया है कि आरोपी दिनेश का पीड़िता के घर पर आना-जाना था। इसी का फायदा उठाकर उसने युवती को शादी का झांसा दिया। आरोप है कि 25 फरवरी 2025 की रात करीब 8 बजे आरोपी ने घर में घुसकर उसके साथ दुष्कर्म किया और इसके बाद भी कई बार घर आकर इस कृत्य को दोहराया।
ग्वालियर ले जाकर मल्टी में रखा
घटनाक्रम के आगे बढ़ते हुए, 16-17 जुलाई 2026 की दरम्यानी रात करीब 11 बजे आरोपी ने पीड़िता को बाहर साथ रहने और अच्छी जगह घुमाने का झांसा दिया। इसके बाद वह उसे ग्वालियर ले गया और वहां एक मल्टी के कमरे में रखकर उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती के मुताबिक, 19 जुलाई की रात करीब 10 बजे भी आरोपी ने उसके साथ गलत काम किया।
भाई की गुमशुदगी के बाद दतिया छोड़ा
जब पीड़िता के भाई ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, तो आरोपी को इसकी भनक लग गई। डर के मारे वह युवती को वापस दतिया लेकर आया और झांसी चुंगी के पास छोड़कर फरार हो गया। जाते समय आरोपी ने पीड़िता और उसके भाई को जान से मारने की धमकी दी, जिससे युवती खौफ में थी।
घर लौटने पर पीड़िता गुमसुम रहने लगी। परिजनों द्वारा लगातार पूछने पर उसने 30 अगस्त को अपनी दादी, भाभी और भाई को पूरी आपबीती सुनाई। इसके बाद परिजन उसे लेकर देर रात कोतवाली थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दी।
कोतवाली थाने के टीआई दिनेश राजपूत ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया है। पीड़िता के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और फरार आरोपी की तलाश सरगर्मी से जारी है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!