दतिया स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) में गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे एक अजीब घटना के चलते अफरा-तफरी मच गई। यहां एफएलएन का प्रशिक्षण ले रहे शिक्षक-शिक्षिकाएं अपने काम में व्यस्त थे, तभी अचानक एक गोयरा हॉल के अंदर आ गया।
टेबलों के नीचे घुसा गोयरा, मची चीख-पुकार
प्रशिक्षण हॉल में ध्यानमग्न बैठे शिक्षकों के बीच गोयरा पहुंचते ही हड़कंप मच गया। महिला शिक्षक और वहां मौजूद छात्राएं डर के मारे चिल्लाते हुए बाहर की तरफ भागीं। कुछ ही सेकंडों में पूरा भरा हुआ हॉल खाली हो गया और सभी ने बाहर सुरक्षित स्थान पर शरण ली।
हॉल में मौजूद शिक्षकों ने हिम्मत दिखाते हुए गोयरे को वहां से हटाया, लेकिन इसी दौरान अचानक बिजली चली गई, जिससे स्थिति और अधिक तनावपूर्ण हो गई।
बिजली बॉक्स में मिला कोबरा सर्प
गए बिजली कनेक्शन को सुधारने के लिए एक कर्मचारी को बुलाया गया। कर्मचारी ने जैसे ही सुधार कार्य के लिए बॉक्स खोला, तो उसमें एक खतरनाक कोबरा सांप बैठा हुआ था। कोबरा ने तुरंत हमले का प्रयास किया, जिससे वहां मौजूद लोगों के होश उड़ गए।
हालांकि, सतर्क शिक्षकों ने अपनी जान जोखिम में डाले बिना लाठी की मदद से कोबरा को मार गिराया। इस पूरी घटना के दौरान करीब आधे घंटे तक डाइट परिसर में दहशत का माहौल बना रहा और सांप के मारे जाने के बाद ही सभी ने राहत की सांस ली।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!