दतिया शहर के भीतर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और असामाजिक तत्वों तथा संदिग्ध वाहनों की आवाजाही पर कड़ी नजर रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा तंत्र को आधुनिक बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया है। इसके तहत शहर के महत्वपूर्ण और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सीसीटीवी कैमरों के नेटवर्क का विस्तार किया जाना प्रस्तावित है।

अधिकारियों ने किया शहर के प्रमुख मार्गों का निरीक्षण

योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए मंगलवार की दोपहर पुलिस अधिकारियों ने मैदानी दौरा किया। एसडीओपी आकांक्षा जैन और ट्रैफिक प्रभारी हिमांशु तिवारी ने अपनी टीम के साथ शहर के कई संवेदनशील मार्गों और व्यस्त चौराहों का प्रत्यक्ष जायजा लिया।

ये क्षेत्र किए गए सर्वे में चिन्हित

निरीक्षण के दौरान पुलिस दल ने तलैया मोहल्ला, बड़ा फुब्बारा, अस्पताल चौराहे के पीछे स्थित राजघाट कॉलोनी, राजघाट चौराहा और दवाखाना चौराहा सहित कई अन्य संवेदनशील बिंदुओं का बारीकी से अध्ययन किया। इन सभी स्थानों पर नए कैमरे लगाए जाने के लिए उपयुक्त पाइंट्स चिन्हित किए गए हैं, जिससे निगरानी का दायरा बढ़ाया जा सके।

प्रशासन का मानना है कि इन नए स्थानों पर कैमरे लगने से न सिर्फ आपराधिक वारदतों की रोकथाम में मदद मिलेगी, बल्कि किसी भी प्रकार की वारदात होने पर आरोपियों की पहचान करने और पुलिस जांच को गति देने में भी आसानी होगी।

नागरिकों और व्यापारियों से सहयोग की अपील

इस सुरक्षा अभियान को जनसहभागिता के जरिए और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस ने स्थानीय दुकानदारों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों के संचालकों और आम नागरिकों से विशेष अपील की है। पुलिस ने लोगों से आग्रह किया है कि वे अपने घरों और दुकानों के बाहर सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगवाएं।

साथ ही यह भी निर्देश दिए गए हैं कि कैमरों का रुख सड़क और मुख्य प्रवेश मार्गों की तरफ सही दिशा में हो तथा उन्हें हमेशा सक्रिय व चालू हालत में रखा जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर पुलिस को स्पष्ट रिकॉर्डिंग उपलब्ध हो सके।