सोमवार की सुबह मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष अवधेश प्रताप सिंह अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत दतिया पहुंचे। यहाँ पहुँचने पर उन्होंने सबसे पहले प्रसिद्ध पीतांबरा पीठ में पहुंचकर दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। इसके तुरंत बाद उन्होंने स्थानीय जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया।

वार्डों और ऑपरेशन थिएटर का लिया जायजा

ददतिया प्रवास के दौरान आयोग अध्यक्ष ने जिला अस्पताल के विभिन्न वार्डों का दौरा किया। उन्होंने मुख्य रूप से महिला वार्ड और ऑपरेशन थिएटर पहुंचकर वहाँ की चिकित्सीय व्यवस्थाओं का बारीकी से मुआयना किया और मरीजों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी परेशानियाँ जानीं।

साफ-सफाई और दवाओं को लेकर दिए निर्देश

निरीक्षण के दौरान कई कमियाँ सामने आईं, जहाँ कुछ बिस्तरों पर बेडशीट नदारद थी तो वहीं अस्पताल परिसर में साफ-सफाई का स्तर भी संतोषजनक नहीं पाया गया। एक मरीज ने समय पर दवाइयां न मिलने की शिकायत भी दर्ज कराई। इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने मौके पर उपस्थित सिविल सर्जन और सीएमएचओ को व्यवस्थाएं तुरंत दुरुस्त करने की हिदायत दी।

स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देने पर जोर

अवधेश प्रताप सिंह ने स्पष्ट किया कि नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सेवाएं सबसे अहम हैं और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देशित किया कि अस्पताल की व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए ताकि मरीजों को समय पर इलाज और दवाएं मिल सकें।

मौसम में बदलाव के कारण मरीजों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को पूरी तरह सतर्क रहने को कहा। विशेषकर गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होनी चाहिए। अस्पताल के बाद वे युवा भाजपा नेता संघर्ष यादव के निवास गए और जन्माष्टमी कार्यक्रम में शामिल होने इंदरगढ़ रवाना हो गए।