रतनगढ़ माता मंदिर में उमड़ी भारी भीड़

शारदीय नवरात्रि की नवमी के पावन अवसर पर दतिया स्थित ऐतिहासिक रतनगढ़ माता मंदिर में आस्था का अभूतपूर्व सैलाब देखने को मिला। सोमवार को माता रानी के दर्शन के लिए लगभग दो लाख श्रद्धालु मंदिर परिसर में पहुंचे।

नौ दिनों में पहुंचे 12 लाख तक श्रद्धालु

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नौ दिनों तक चले इस पवित्र नवरात्रि पर्व के दौरान कुल मिलाकर 10 से 12 लाख श्रद्धालुओं ने मंदिर में पहुंचकर माता के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

प्रशासन और पुलिस बल रहा मुस्तैद

मंदिर में उमड़ने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी पूरी तरह मुस्तैद नजर आए। आवाजाही के प्रमुख मार्गों से लेकर मंदिर परिसर तक विशेष प्रबंध किए गए थे।

कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े और एसपी मयूर खंडेलवाल के मार्गदर्शन में सुरक्षा और व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी की जाती रही। अधिकारियों के साथ अन्य मैदानी कर्मचारियों की भी विशेष ड्यूटी लगाई गई थी ताकि दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।