ग्वालियर-चंबल अंचल के दतिया मेडिकल कॉलेज से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां के मेडिसिन विभाग में पदस्थ सह प्राध्यापक (एसोसिएट प्रोफेसर) डॉ. हेमंत कुमार जैन ने शनिवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कॉलेज के डीन को अपना त्यागपत्र सौंप दिया है।
निजी कारणों का दिया हवाला और पूरा किया अनुबंध
अपने त्यागपत्र में डॉ. जैन ने स्पष्ट किया है कि वे निजी कारणों से अब इस राजकीय सेवा को आगे जारी नहीं रखना चाहते हैं। उन्होंने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि उनकी नियुक्ति अप्रैल 2018 में सहायक प्राध्यापक के रूप में हुई थी और वर्ष 2022 में वे सह प्राध्यापक के पद पर चयनित हुए थे। निर्धारित सेवा शर्तों के मुताबिक उनका तीन साल का अनुबंध दिसंबर 2025 में ही पूरा हो चुका है।
कार्यालयीन निर्देशों और नियमों का पालन करते हुए उन्होंने एक महीने का वेतन जमा करने की बात भी अपने पत्र में कही है, ताकि इस्तीफे की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी हो सके।
करीब आठ साल की लंबी सेवा के बाद अब क्लिनिक पर देंगे समय
डॉ. हेमंत कुमार जैन पिछले करीब आठ वर्षों से इस मेडिकल कॉलेज से जुड़े हुए थे और अपनी सेवाएं दे रहे थे। कॉलेज छोड़ने के बाद अब वे पूर्णकालिक रूप से अपनी क्लिनिकल प्रैक्टिस पर ध्यान केंद्रित करेंगे।
इस्तीफा देने के बाद जारी अपने संदेश में उन्होंने कहा कि वे भविष्य में अपनी क्लिनिक के माध्यम से जनता की सेवा कार्य जारी रखेंगे। इसके साथ ही उन्होंने अपने, कार्यकाल के दौरान मिले सभी सहयोगियों के समर्थन के लिए आभार भी व्यक्त किया है।
प्रबंधन की प्रतिक्रिया का इंतजार
एसोसिएट प्रोफेसर के अचानक इस तरह इस्तीफा देने के बाद से स्वास्थ्य एवं शैक्षणिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम पर फिलहाल मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!