पीपरी सरकार के पास हुई वारदात
दतिया जिले के इंदरगढ़ इलाके में पीपरी सरकार के समीप 25 अक्टूबर की शाम एक हार्वेस्टर मालिक के साथ हिंसक मारपीट की घटना घटी। इस मामले से जुड़ा एक वीडियो सोमवार शाम को सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ, जिसके बाद यह घटना चर्चा का विषय बन गई।
साढ़े तीन लाख रुपए और चाबी छीनी
पीड़ित हार्वेस्टर मालिक पवन कुमार साहू ने पुलिस को बताया कि वह अपने छोटे भाई विष्णु साहू के साथ हार्वेस्टर पर मौजूद थे। तभी प्रिंस उर्फ पुष्पेंद्र धाकड़, पिरमेंद्र जाट, अंकुश राजपूत और प्रवीण जाट अपने 10 से 15 अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचे और हमला बोल दिया।
आरोपियों ने कट्टे की नोक पर पीड़ित से साढ़े तीन लाख रुपए नकद और हार्वेस्टर की चाबी छीन ली। इस दौरान बीच-बचाव और मारपीट में छोटे भाई विष्णु साहू की उंगली में गंभीर चोटें आईं, और बदमाश हार्वेस्टर लेकर वहां से भाग निकले।
डायल 112 की सूचना पर कार्रवाई
घटना के फौरन बाद पीड़ित ने डायल 112 पर कॉल करके पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इंदरगढ़-सेवड़ा मार्ग से हार्वेस्टर को जब्त कर लिया, जिसे फिलहाल इंदरगढ़ थाने में खड़ा कराया गया है। पीड़ित ने थाने में लिखित आवेदन देकर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई और वाहन वापस दिलाने की मांग की है।
लेनदेन का विवाद आया सामने
इंदरगढ़ थाना प्रभारी गौरव शर्मा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि शुरुआती जांच में यह पूरा विवाद दोनों पक्षों के बीच पैसों के लेनदेन से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने स्थिति स्पष्ट करने के लिए दोनों पक्षों को थाने तलब किया है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!