चोपरा गांव के पास हुआ खूनी संघर्ष
दतिया जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चोपरा गांव के समीप रविवार शाम को आपसी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ। इस घटना में दोनों तरफ से मारपीट होने की बात सामने आई है, जिसमें तीन से चार लोग घायल बताए जा रहे हैं।
कबड्डी मैच से लौट रहे युवकों पर हमले का आरोप
एक पक्ष जो कि लरायटा गांव का रहने वाला है, उसका आरोप है कि वे खरख गांव में कबड्डी खेलने गए थे और वहां से वापस लौट रहे थे। जब वे चोपरा के पास पहुंचे तो गेवरा गांव के कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोककर उन पर हमला बोल दिया।
दूसरे पक्ष ने लगाया फायरिंग और मारपीट का गंभीर आरोप
दूसरी ओर, गेवरा गांव के पक्ष कातर्क है कि उनके दो लोग गांव से दतिया की तरफ आ रहे थे। रास्ते में लरायटा निवासी लालू यादव, शिवम यादव और चार-पांच अन्य अज्ञात लोगों ने उन पर हमला कर दिया। इस पक्ष ने विरोधियों पर फायरिंग करने का भी संगीन आरोप लगाया है।
इस पूरे घटनाक्रम में 28 वर्षीय विकास पुत्र मोहर सिंह यादव के घायल होने की सूचना है। उसे गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। हालांकि, चिकित्सकीय टीम का कहना है कि एक्स-रे रिपोर्ट आने के बाद ही गोली लगने की पुष्टि हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। सिविल लाइन थाने के टीआई वैभव गुप्ता ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच विवाद की जानकारी मिली है और पुलिस पूरे मामले की गहराई से छानबीन कर रही है। तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!