दतिया में आगामी विधानसभा उपचुनाव के दौरान पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों के प्रदर्शन से जुड़ा एक मामला अब पुलिस कार्रवाई के दायरे में आ गया है। टिकट न मिलने के बाद हुए इस प्रदर्शन के दौरान बाजार बंद कराने और दुकानदारों के साथ अभद्रता करने के आरोप में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
जानकारी के अनुसार, यह पूरा घटनाक्रम 10 जुलाई का है, जब भाजपा द्वारा दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए टिकट की घोषणा की गई थी। डॉ. नरोत्तम मिश्रा को टिकट न मिलने के विरोध में उनके समर्थकों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया था। इसी दौरान कुछ समर्थकों ने हाईवे जाम कर दिया था, जबकि कुछ अन्य समूह किला चौक और मुख्य बाजार में दुकानें बंद कराने पहुंच गए थे।
फरियादी कार्तिक रायकवार (26), जो सपा पहाड़, रेलवे स्टेशन के पास के निवासी हैं, ने अपनी शिकायत में बताया कि 10 जुलाई की रात करीब 8 बजे वे किला चौक पर मौजूद थे। तभी 8 से 10 अज्ञात युवक वहां पहुंचे और डॉ. नरोत्तम मिश्रा के समर्थन में नारे लगाने लगे।
शिकायत के मुताबिक, इन युवकों ने दुकानदारों पर अपनी दुकानें बंद करने का दबाव बनाया। जब फरियादी और अन्य दुकानदारों ने इसका विरोध किया, तो उनके साथ गाली-गलौज और अभद्रता की गई। इसके बाद सभी आरोपी मौके से चले गए।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
फरियादी कार्तिक रायकवार ने पुलिस को बताया कि घटना के समय वे डर गए थे, जिसके कारण तुरंत शिकायत दर्ज नहीं करा सके। हालांकि, 15 जुलाई को उन्होंने कोतवाली थाने पहुंचकर पूरी घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई।
दतिया एसडीओपी आकांक्षा जैन ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई की है। बाजार बंद कराने और दुकानदारों के साथ अभद्रता करने के आरोप में 8 से 10 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि घटना के बाद पुलिस ने शहर में मुनादी भी करवाई थी, जिसमें व्यापारियों से अपील की गई थी कि वे किसी के दबाव में आकर अपनी दुकानें बंद न करें। यह कदम स्थिति की गंभीरता को दर्शाता है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!