दतिया विधानसभा उपचुनाव की आहट के साथ ही जिले की सियासत गरमा गई है। इसी क्रम में पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने सोमवार को रावतपुरा कॉलेज में आयोजित एक व्यापारी सम्मेलन के दौरान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और पूर्व विधायक राजेंद्र भारती पर तीखे हमले किए। उन्होंने दोनों नेताओं को सोशल मीडिया तक सीमित रहने वाला बताया।

'फेसबुकिया नेता' कहकर साधा निशाना

डॉ. मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस के ये नेता केवल सोशल मीडिया पर ही सक्रिय रहते हैं और उनका जनता के बीच कोई वास्तविक जनाधार नहीं है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि ये नेता सिर्फ 'तेरहवीं और पंगत' जैसे आयोजनों में ही दिखाई देते हैं, जबकि जमीनी स्तर पर उनकी पकड़ कमजोर है।

कांग्रेस नेताओं द्वारा लगाए गए हालिया आरोपों का जवाब देते हुए नरोत्तम मिश्रा ने कहा, "पटवारी जी, मैं पिछले पंद्रह सालों से 'पेड न्यूज' के आरोपों का सामना कर रहा हूं, लेकिन मैंने कभी इस पर रोना नहीं रोया। आप लोग तो छोटी-छोटी बातों पर ही शिकायत करने लगते हैं।"

राजेंद्र भारती के आरोपों पर दी चुनौती

पूर्व विधायक राजेंद्र भारती के उस दावे पर भी डॉ. मिश्रा ने सवाल उठाए, जिसमें उन्होंने किसी केंद्रीय मंत्री के पीए द्वारा ऑफर दिए जाने की बात कही थी। मिश्रा ने इस मामले में पहले भी गवाही देने की बात दोहराई और चुनौती देते हुए कहा, "बताइए कौन से केंद्रीय मंत्री के पीए ने आपको ऑफर दिया था? अगर आपने ऐसा दावा किया है तो उसके सबूत भी सार्वजनिक करने चाहिए।"

'मैं हारा था, वो नहीं जीता'

पिछले विधानसभा चुनाव के नतीजों का जिक्र करते हुए डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि दतिया में कांग्रेस की जीत किसी लहर का परिणाम नहीं थी। उन्होंने अपने पुराने बयान को दोहराते हुए कहा, "मैं पहले भी कह चुका हूं कि वो नहीं जीता था, मैं हारा था। आज भी मैं अपनी उसी बात पर कायम हूं।" उन्होंने दतिया की जनता को अपना परिवार बताते हुए उनके साथ अपने अटूट रिश्ते की बात भी कही।