ग्वालियर-चंबल अंचल के दतिया जिले के बसई थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ बसई-बरधुवा रोड पर सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार आयशर ट्रक ने बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण टक्कर में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

पीछे से मारी जोरदार टक्कर

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बजरंगगढ़ सतलौन निवासी 30 वर्षीय चंद्रभान पाल उर्फ गोलू पाल सोमवार सुबह अपनी बाइक (यूपी 93 बीआर 7216) से बसई की तरफ से अपने घर लौट रहे थे। जब वे गलथा तालाब के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे आयशर ट्रक (एमपी 07 जीबी 0560) ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।

यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चंद्रभान पाल बाइक समेत सड़क के किनारे जा गिरे। इस दौरान उनके सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

चचेरे भाइयों ने दी थाने में सूचना

घटना को अंजाम देने के बाद आयशर ट्रक का चालक मौके पर नहीं रुका और वाहन समेत उत्तर प्रदेश की सीमा की ओर फरार हो गया। इत्तेफाक से उसी रास्ते से मृतक के चचेरे भाई ऊधम सिंह पाल और सतीष पाल गुजर रहे थे। उन्होंने सड़क किनारे चंद्रभान को लहूलुहान हालत में पड़ा देखा और तुरंत स्थानीय लोगों को इकट्ठा किया। पास जाकर देखने पर पता चला कि चंद्रभान की सांसें थम चुकी थीं।

अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज

इस दुर्घटना के तुरंत बाद ऊधम सिंह पाल अपने चचेरे भाई सतीष पाल के साथ बसई थाने पहुंचे और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। फरियादी ऊधम सिंह पाल की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आयशर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

फिलहाल बसई थाना पुलिस फरार चालक और उसकी गाड़ी की तलाश में जुटी हुई है। ट्रक के उत्तर प्रदेश की तरफ भागने की सूचना के आधार पर पुलिस दल आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से उसकी सुरागकशी कर रहा है।