दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने से नाराज चल रहे अवधेश नायक को मनाने के प्रयास कांग्रेस की ओर से तेज कर दिए गए हैं। इसी क्रम में शुक्रवार की सुबह कांग्रेस के पूर्व मंत्री मुकेश नायक ने दतिया पहुंचकर अवधेश नायक के निवास पर उनसे मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच लगभग 25 मिनट तक एकांत में चर्चा हुई।

भाजपा भी कर रही संपर्क

सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस नेतृत्व को इस बात की आशंका है कि अवधेश नायक पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो सकते हैं। इसी चिंता के चलते उन्हें पार्टी में बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी भी अवधेश नायक को अपने खेमे में लाने के लिए सक्रिय है। भाजपा की ओर से भी कई मंत्री और वरिष्ठ नेता पहले अवधेश नायक से उनके निवास पर मिलकर बातचीत कर चुके हैं।

अवधेश नायक का अगला कदम क्या?

फिलहाल, अवधेश नायक ने अपने अगले राजनीतिक कदम के बारे में कोई भी स्पष्ट संकेत नहीं दिया है। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि वे अपने कार्यकर्ताओं से सलाह-मशविरा करने के बाद ही कोई अंतिम निर्णय लेंगे।

दतिया उपचुनाव के बीच अवधेश नायक का अगला कदम भाजपा और कांग्रेस, दोनों ही दलों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसे में सभी की निगाहें अवधेश नायक के अगले फैसले पर टिकी हुई हैं।