दतिया जिले के भांडेर थाना क्षेत्र अंतर्गत भांडेर-सरसई रोड पर हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। हथियार के दम पर बाइक सवार दंपति को रोककर सोने का जोधा हार लूटने के इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को धर दबोचा है। पकड़े गए बदमाशों के पास से लूटा गया सोने का हार और घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।

नहर के पास रोककर दिया था वारदात को अंजाम

यह घटना 10 अक्टूबर को शाम करीब साढ़े सात बजे की है। ग्राम कुल्हरिया के रहने वाले हरीशंकर निरंजन अपनी पत्नी संध्या के साथ भांडेर में एक वैवाहिक व निमंत्रण कार्यक्रम से अपने घर वापस लौट रहे थे। जब वे सरसई रोड पर ततारपुर पट्टी स्थित मिथिला गार्डन के आगे नहर के समीप पहुंचे, तभी पीछे से पल्सर बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने उनकी गाड़ी को कट मारकर रुकवा लिया।

बदमाशों ने दंपति को जान से मारने की धमकी दी और डर दिखाकर महिला के गले से सोने का जोधा हार छीन लिया और मौके से फरार हो गए। हालांकि, समझदारी दिखाते हुए पीड़ित ने भाग रहे बदमाशों की बाइक का नंबर (यूपी 93 बीएस 3925) नोट कर लिया था, जो बाद में पुलिस के लिए मुख्य सुराग साबित हुआ।

झांसी में बनी थी लूट की पूरी योजना

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंजीत सिंह चावला ने मामले का खुलासा करते हुए जानकारी दी कि आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम देने की साजिश घटना से दो दिन पहले उत्तर प्रदेश के झांसी में रची थी। योजना के तहत उन्होंने श्राद्ध कार्यक्रमों के दौरान भीड़भाड़ और भांडेर-सरसई मार्ग पर मिलने वाले सुनसान तथा अंधेरे रास्तों का फायदा उठाने की सोची थी।

रेकी के दौरान बदमाशों की नजर इस दंपति पर पड़ी और उन्होंने महिला के गले में सोने का हार देख लिया। इसके बाद उन्होंने सुनसान इलाके तक उनका पीछा किया और हथियार दिखाकर इस लूट को अंजाम दिया। पुलिस ने इस संबंध में 16 अक्टूबर को भांडेर थाने में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया था।

तीन आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शरद कुमार अहिरवार (निवासी सुदामापुरी कॉलोनी खोड़न), मुकुल राजपूत (निवासी बराठा, थाना बड़ागांव) और विक्रम वंशकार (निवासी सिद्धेश्वर नगर, सीपरी बाजार, झांसी) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार इस मामले में एक अन्य आरोपी अभिषेक राजपूत उर्फ अभी अभी भी फरार है।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक फरार आरोपी अभिषेक राजपूत के खिलाफ झांसी में लूट समेत 16 गंभीर अपराध दर्ज हैं और वह बड़ागांव थाने का हिस्ट्रीशीटर व चिरगांव क्षेत्र का गैंगस्टर है। वहीं गिरफ्तार आरोपी मुकुल राजपूत पर भी हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।