दतिया विधानसभा उपचुनाव में पार्टी की जीत के बाद कांग्रेस संगठन ने स्थानीय स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए वरिष्ठ नेता अवधेश नायक को एक अहम संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी का प्रदेश महासचिव नियुक्त किया गया है।
नेतृत्व की मुहर से मिला पद
यह महत्वपूर्ण नियुक्ति प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा पार्टी के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी की सहमति से की गई है। इस संबंध में आधिकारिक आदेश गुरुवार को जारी किया गया, जिसमें नायक को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जारी किए गए नियुक्ति पत्र में उनसे यह अपेक्षा की गई है कि वे पार्टी के सिद्घांतों, नीतियों और संगठनात्मक अनुशासन का पूरी तरह पालन करते हुए क्षेत्र में संगठन को और अधिक सुदृढ़ बनाने का काम करेंगे।
टिकट की दौड़ और उपचुनाव में सक्रियता
गौरतलब है कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनावों के दौरान और हाल ही में संपन्न हुए दतिया उपचुनाव में भी अवधेश नायक का नाम पार्टी के टिकट के दावेदारों में सबसे आगे चल रहा था। हालांकि, दोनों ही मौकों पर पार्टी ने उन्हें चुनावी मैदान में उम्मीदवार नहीं बनाया था।
इसके बावजूद नायक ने पार्टी से बगावत करने के बजाय उपचुनाव में कांग्रेस के आधिकारिक उम्मीदवार कुंवर घनश्याम सिंह के पक्ष में खुलकर प्रचार किया और चुनाव में अपनी सक्रिय भूमिका दर्ज कराई।
2028 के मिशन पर रहेगा फोकस
इस नई जिम्मेदारी के मिलने के बाद अवधेश नायक ने पार्टी के तमाम शीर्ष नेतृत्व काि आभार व्यक्त किया है। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि उन्हें जो नया दायित्व सौंपा गया है, उसका वे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे।
नायक ने आगे कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य आगामी 2028 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी की जीत का मार्ग प्रशस्त करना है, जिसके लिए वे पूरी क्षमता और ऊर्जा के साथ मैदान में डटे रहेंगे।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!