अंचल के दतिया जिले में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। यहां कोतवाली थाना क्षेत्र के चूनगर फाटक इलाके में एक वार्ड पार्षद के घर देर रात कुछ बदमाशों ने धावा बोल दिया। घर के भीतर मारपीट करने के बाद, जब पीड़ित परिवार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने जा रहा था, तब रास्ते में आरोपियों ने फिर से उन्हें घेर लिया और वाहनों में जमकर तोड़फोड़ की।

घर में घुसकर दिया वारदात को अंजाम

वार्ड-3 के पार्षद कोमल सिंह अहिरवार ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 13 अगस्त की रात करीब 12:30 बजे वह अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद थे। इसी दौरान अजय वाल्मीकि हाथ में डंडा लेकर उनके घर पर आ धमका और दरवाजा खुलवाकर गाली-गलौज व विवाद करने लगा। पार्षद का आरोप है कि बातचीत के दौरान अजय ने उनकी बाईं कोहनी पर डंडे से प्रहार कर दिया।

विवाद बढ़ने पर लखन और सुमित भी वहां पहुंच गए और पार्षद के बाल पकड़कर उन्हें जमीन पर गिरा दिया। इसके कुछ ही देर बाद छोटू और अतुल भी घर के अंदर घुस आए और सभी ने मिलकर लात-घूंसों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए पार्षद के बेटे तरुण के साथ भी मारपीट की गई, जिसमें लखन के घूंसे से तरुण की आंख के पास चोट का निशान आ गया। बाद में परिजनों और परिचितों के हस्तक्षेप से हमलावर वहां से भागे।

रास्ते में रोककर गाड़ी के तोड़े कांच

घटना के बाद पार्षद अपने बेटे तरुण, अरुण और भतीजे निवेष के साथ कार में सवार होकर थाने में रिपोर्ट लिखाने जा रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी चूनगर फाटक स्थित भैरव मंदिर के पास पहुंची, पहले से घात लगाए बैठे अजय, लखन और सुमित ने उनकी कार का रास्ता रोक लिया। कुछ ही देर में छोटू और अतुल भी वहां आ पहुंचे।

आरोपियों ने थाने जाने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देते हुए वाहन पर हमला बोल दिया। अजय ने डंडे से कार के सामने वाले हिस्से के कांच पर वार किया, जबकि अन्य आरोपियों ने सड़क पर पड़े ईंट-पत्थरों से पूरी कार के कांच तोड़ दिए। इसके अलावा पास ही खड़े पार्षद के भाई रवि अहिरवार के लोडिंग वाहन 'छोटा हाथी' को भी पत्थरों से क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश

पीड़ित पार्षद की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। इस संबंध में एएसपी मंजीत सिंह चावला ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को प्राप्त शिकायत के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।