कमरे में मृत मिली थी संगीता

दतिया जिले के बड़ौनी कस्बे में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है। यहां 29 वर्षीय संगीता झा का शव उसके घर की दूसरी मंजिल पर स्थित कमरे में फंदे पर लटका मिला था। इस घटना की जानकारी मिलने पर इलाके में सनसनी फैल गई और मायके पक्ष में कोहराम मच गया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मृतका के ससुर अशोक झा द्वारा इस मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई थी, जिसके बाद प्रशासनिक कार्रवाई शुरू की गई।

पांच लाख रुपये की मांग को लेकर होती थी प्रताड़ना

पुलिस जांच में सामने आया कि संगीता का विवाह वर्ष 2019 में संतोष झा के साथ हुआ था और दंपति के दो बच्चे भी हैं। मायके पक्ष के लोगों ने आरोप लगाया है कि विवाह के बाद से ही ससुराल के लोग उसे दहेज के लिए लगातार परेशान करते थे।

परिवारजनों ने बताया कि करीब सात महीने पहले ही संतोष और उसके पिता को पांच लाख रुपये दिए गए थे। इसके बावजूद आरोपियों की भूख शांत नहीं हुई और वे संगीता पर मायके से पांच लाख रुपये और लेकर आने का दबाव बनाते हुए उसके साथ मारपीट करते थे।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फंदे से दम घुटने की पुष्टि

मर्ग कायम कर जब इस मामले की जांच शुरू की गई, तब डॉक्टरों द्वारा दी गई शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में संगीता की मौत की वजह फांसी लगने से सांस घुटना बताई गई है। पुलिस ने इस संबंध में मृतका के पिता कालीचरन, भाइयों विकास व आकाश और चाचा अशोक के विस्तृत बयान दर्ज किए।

परिजनों के बयानों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के तथ्यों के आधार पर पुलिस ने रविवार रात कार्रवाई की। बड़ौनी थाना पुलिस ने पति संतोष झा, ससुर अशोक झा, सास किरन झा तथा देवर ऋषभ व संजय के विरुद्ध बीएनएस की धारा 108 और 85 के तहत केस दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी रमेश शाक्य ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।